धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बागसूमा में रविवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। चंदूड़ीह पंचायत बड़ा नवाटांड निवासी दो युवक साजिद और इरफान फुटबॉल मैच देखने के लिए जंगलपुर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक रंगबंद के पास पहुंची, WB 11D 4616 नंबर का एक तेज रफ्तार ट्रक सामने से आया और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इरफान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं साजिद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़ा। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से दोनों को धनबाद के एसएनएमएमसीएच भेजा। एक पैर कटा, जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा साजिद घटना के बाद अस्पताल पहुंचाए गए साजिद की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। हादसे की भयानकता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उसकी टक्कर में एक पैर पूरी तरह कट गया। डॉक्टरों के अनुसार साजिद को गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती किया गया है। दूसरी ओर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने इरफान को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि उन्हें अचानक फोन पर सूचना मिली कि रंगबंद के पास बड़ा हादसा हो गया है। ग्रामीणों का सड़क जाम, मुआवजे की मांग पर अड़े हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने ट्रक चालक की लापरवाही को मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। उनकी मांग है कि मृतक इरफान के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और घायल साजिद को सरकारी स्तर पर पूरी मदद मिले। जाम की वजह से गोविंदपुर-बागसूमा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक जाम बरकरार था।


