गुमला में भालू के हमले से ग्रामीण घायल:बकरी चराते समय हुआ हमला, सदर अस्पताल में इलाज जारी

गुमला जिले के पंडरिया भरदा गांव में एक बुजुर्ग किसान पर जंगली भालू ने जोरदार हमला कर दिया। 62 वर्षीय सकलदीप साहू रोज की तरह गांव के अन्य लोगों के साथ बकरियां चराने गलडा पहाड़ पहुंचे थे। दोपहर करीब दो बजे जैसे ही वह झाड़ी के पास आगे बढ़े, अचानक घनी झाड़ियों से एक विशाल भालू निकल पड़ा और देखते ही देखते बुजुर्ग पर टूट पड़ा। भालू ने उनके सीने पर जोरदार पंजा मारा, जिससे वह वहीं गिर पड़े और लहूलुहान हो गए। अचानक हुए इस हमले से आसपास मौजूद लोग घबरा गए और शोर मचाने लगे। ग्रामीणों की मौजूदगी से जान बची हमले के बाद सकलदीप साहू झाड़ी में गिरकर कुछ देर तक उठ नहीं पाए। इस दौरान उनके साथ मौजूद कुत्ते ने भालू की ओर जोर-जोर से भौंकना शुरू कर दिया। कुत्ते की आवाज और ग्रामीणों के शोर से भालू घबरा गया और कुछ ही सेकेंड में वहां से भाग निकला। ग्रामीणों ने घायल सकलदीप को पहले मौके से उठाया और घर तक पहुंचाया। उनकी हालत गंभीर देखते हुए परिजनों ने उन्हें तुरंत गुमला सदर अस्पताल ले जाया, जहां इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज शुरू किया गया। परिजन बताते हैं कि हमला इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। गांव के लोगों ने बताया कि भालुओं की आवाजाही इस क्षेत्र में पहले भी रही है, लेकिन इस तरह का हमला पहली बार हुआ है। हालत स्थिति पर इलाज जारी सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक सुनील राम ने बताया कि सकलदीप साहू के सीने पर गहरे घाव हैं, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। डॉक्टरों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक उन्हें निगरानी में रखा जाएगा, ताकि संक्रमण का खतरा न बढ़े। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता उपाय करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *