धनबाद के भूली बी ब्लॉक में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। तिरुपति बालाजी मंदिर की थीम पर बन रहा 110 फीट ऊंचा पूजा पंडाल अचानक धराशायी हो गया। लगभग 9.5 लाख रुपए की लागत से तैयार किया जा रहा यह पंडाल पूरी तरह से गिर गया, हालांकि सौभाग्य से इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित रहे। स्थानीय लोगों ने बताया कि पंडाल के फाउंडेशन में कमजोरी थी। लगातार बारिश के कारण इसकी संरचना और कमजोर हो गई थी। अचानक पूरे पंडाल की दीवारें और छत भरभराकर गिर पड़ीं। हादसे के वक्त पंडाल में अधिक भीड़ नहीं थी, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। पंडाल को पूरी तरह हटाने का काम शुरू भूली बी ब्लॉक में हर साल धूमधाम से पूजा का आयोजन किया जाता है और इस बार समिति ने विशेष रूप से भव्य पंडाल का निर्माण कराया था। हादसे के बाद पूजा समिति ने पंडाल को पूरी तरह हटाने का काम शुरू कर दिया है। समिति का कहना है कि अब नई व्यवस्था पर निर्णय लेकर पूजा की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। मिथिलेश पासवान ने बताया कि यह पंडाल पिछले एक महीने से बन रहा था और 9.5 लाख रुपए की लागत से तैयार किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि पंडाल की ऊंचाई 110 फीट थी और बेस कमजोर था। बारिश और हवा के कारण इसकी संरचना और भी कमजोर हो गई, जिससे पूरा पंडाल धराशायी हो गया। पासवान ने जोर दिया कि अगर यह घटना सप्तमी या अष्टमी के दिनों में होती तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। इधर, शहर के अन्य हिस्सों से भी हादसों की सूचना मिली है। मटकुरिया और सरायढेला में बने लाइट गेट भी गिर गए, हालांकि वहां भी किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।


