धनबाद में ईंट-गिट्टी के विवाद में महिला पर हमला:सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, मेडिकल कॉलेज में महिला भर्ती, जांच में जुटी पुलिस

धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र के कोला कुसमा वीआईपी कॉलोनी में ईंट और गिट्टी के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कॉलोनी की गली नंबर दो में रहने वाली गीता देवी पर उनके पड़ोसियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घायल अवस्था में गीता देवी को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में गीता देवी ने बताया कि कुछ दिन पहले पड़ोसियों ने उनके घर के सामने ईंट और गिट्टी डाल दी थी। उन्होंने इसका विरोध किया था। इसी बात को लेकर पड़ोसी रंजिश में आ गए और अचानक उनके घर में घुसकर हमला कर दिया। पति और बेटी के साथ भी की मारपीट गीता देवी के अलावा उनके पति संजय कुमार वर्मा और बेटी स्नेहा वर्मा को भी हमलावरों ने नहीं छोड़ा। सभी को लाठी-डंडों से पीटा गया। गीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही सरायढेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर किस तरह से घर में घुसकर हमला कर रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर रोष है। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पीड़िता गीता देवी ने भी पुलिस से हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *