गिरिडीह में मुहर्रम जुलूस में लहराया फिलिस्तीनी झंडा:सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पुलिस बोली – जांच कर होगी कार्रवाई

गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी गांव में मुहर्रम के मौके पर निकाले गए ताजिया जुलूस के दौरान फिलिस्तीन का राष्ट्रीय ध्वज लहराने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि जुलूस में भारत के राष्ट्रीय ध्वज और इस्लामी झंडों के साथ फिलिस्तीन का झंडा भी लहराया गया। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। खासकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। भाजपा नेता कामेश्वर पासवान ने कहा कि भारत की भूमि पर किसी दूसरे देश का झंडा लहराना न सिर्फ गलत है, बल्कि यह देश की संप्रभुता पर सवाल खड़ा करता है। लोगों की पहचान कर हो कार्रवाई उन्होंने कहा कि जुलूस में शामिल उन लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए जिन्होंने ऐसा किया है। कामेश्वर पासवान ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन की मौजूदगी में यह सब हुआ, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। उधर, वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जुलूस के दौरान तिरंगे और धार्मिक झंडों के साथ-साथ एक झंडा ऐसा भी है जो हूबहू फिलिस्तीन के झंडे जैसा प्रतीत हो रहा है। हालांकि दैनिक भास्कर इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस बोली- वीडियो की हो रही जांच, कार्रवाई तय इधर मामले में खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद को फोन के माध्यम से बात किया गया तो उन्होंने जवाब में कहा की मोहर्रम के दौरान जुलूस निकाला गया था। मामला संज्ञान में आया है। जिन्होंने ऐसा काम किया है उसकी तलाशी की जा रही है। लोगो को चिह्नित कर करवाई की जाएगी। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद तिसरी क्षेत्र में इसे लेकर चर्चा गर्म है। स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक कोई बयान नहीं आया है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध और मांग को देखते हुए जल्द कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *