चतरा जिले के कान्हाचट्टी प्रखंड अंतर्गत जमेरी कर्बला मैदान में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान कान्हाकला गांव निवासी सीताराम सिंह के 25 वर्षीय बेटा गोपाल सिंह के रूप में हुई है। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लोगों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, दोपहर कुछ ग्रामीण पशु चरा रहे थे, तभी उन्होंने कर्बला मैदान के समीप एक पेड़ से लटका शव देखा। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। थोड़ी ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और युवक की पहचान गोपाल सिंह के रूप में की। परिजनों ने जताया हत्या की आशंका परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए स्पष्ट रूप से हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि गोपाल को साजिश के तहत मारकर शव को पेड़ से लटकाया गया है, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही राजपुर थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।


