धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र और भूली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मुमताज अंसारी और मुस्ताक अंसारी गिरीडीह जिले के मनकडीहा थाना अहिल्यापुर के रहने वाले हैं। चेकिंग के दौरान दोनों को पकड़ा गया पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति लाल रंग की मोटरसाइकिल पर बैट्री और एक काला बैग लेकर जयनगर की ओर से आ रहे हैं। इस सूचना पर बरवाअड्डा थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने संभारी चौक पर चेकिंग के दौरान दोनों को पकड़ लिया। आरोपियों से दो मोबाइल, एक बैट्री, एक मोटरसाइकिल और चोरी करने के उपकरण बरामद किए गए। उपकरणों में दो प्लास, एक सलाई रेंच, एक सड़सी, स्टील का औजार और एक पेचकस शामिल हैं। दुकानों की रेकी कर करते थे चोरी पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक गिरोह चलाते हैं। ये लोग बंद घरों और दुकानों की रेकी कर चोरी करते थे। इस गिरोह ने धनबाद समेत कई जगहों पर चोरी की वारदातें की हैं। चोरी के सामान को बेचकर पैसों का बंटवारा कर लेते थे। पुलिस के अनुसार, हाल ही में क्षेत्र में पांच से अधिक घरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। इस गिरोह में आधा दर्जन अपराधी शामिल हैं, जिनमें पकड़े गए दोनों मुख्य सरगना हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अभियान चला रही है।


