राजगंज थाना क्षेत्र के चाली बंगला स्थित भारत पेट्रोलियम के बीबीडी फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर मंगलवार को अपराधियों ने फायरिंग की। बाइक पर सवार तीन अपराधी पेट्रोल पंप पर पहुंचे। इनमें से एक नकाबपोश अपराधी ने बाइक से उतरकर 2-3 राउंड फायरिंग की। फायरिंग के बाद तीनों मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पेट्रोल पंप के मालिक बीरबल मंडल कारोबारी हैं। पंप के स्टाफ ने बताया कि अपराधी पल्सर बाइक से आए और फायरिंग के बाद भाग गए। इधर, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि घटना में शामिल अपराधियों का पता लगाया जा रहा है। घटनास्थल से दो खोखे मिले हैं। पूरे इलाके की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से जल्द ही अपराधियों को पकड़ा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


