धनबाद में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़:दो आरोपी गिरफ्तार, तीन चोरी की बाइक बरामद; आगजनी के आरोपी को भी पकड़ा

धनबाद शहरी क्षेत्र में बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं पर आखिरकार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। चोरी की तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। इस संबंध में शुक्रवार को डीएसपी विधि व्यवस्था नौशाद आलम ने बताया कि धनबाद के एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ असामाजिक तत्व शहर से बाइक चोरी कर बलियापुर इलाके में ले जाकर उन्हें भोले-भाले लोगों को सस्ते दामों में बेच रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने एक विशेष टीम का गठन किया और योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो अपराधियों विकास राम और लालू कुरैशी को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चोरी की दो बाइक बरामद की गईं, जबकि तीसरी बाइक तापस गोराई नामक व्यक्ति के घर से मिली, जिसे इन अपराधियों ने पहले ही बेच दिया था। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है डीएसपी आलम ने बताया कि विकास राम और लालू कुरैशी एक संगठित बाइक चोर गिरोह का संचालन करते हैं। दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है और ये पूर्व में भी कई बार जेल जा चुके हैं। इनकी गिरफ्तारी से शहर में हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है। वहीं, डीएसपी ने एक अन्य गंभीर मामले की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि गोविंद कुमार नामक आरोपी के खिलाफ घर में आग लगाने और जान मारने की नीयत से हमला करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *