धनबाद के केंदुआ कुसुंडा एरिया-6 के गोधर में सोमवार को भू-धंसान की घटना सामने आई। सोनू सिंह के घर के बाहर उनकी पत्नी अंजू देवी कपड़े सुखा रही थीं। इसी दौरान अचानक जमीन धंस गई और वह मलबे में दब गईं। अंजू देवी करीब 20 मिनट तक मलबे में फंसी रहीं। घर पर दूध देने आए एक ग्वाले ने उनकी धीमी आवाज सुनी। उसने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया। स्थानीय लोगों ने मिलकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। अचानक पैरों के नीचे की जमीन धंस गई पीड़िता अंजू देवी ने बताया कि वह घर के पास कपड़े सुखा रही थीं। अचानक पैरों के नीचे की जमीन धंस गई। वह लगातार मदद के लिए आवाज लगाती रहीं। घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने धंसान क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षित बनाने की कार्रवाई शुरू की। पीड़िता के परिजनों का कहना है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से भू-धंसान की घटनाएं हो रही हैं। अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। परिजनों ने बीसीसीएल प्रबंधन और प्रशासन से सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की मांग की है।


