धनबाद में मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़:जेल से छूटे अपराधी समेत 3 गिरफ्तार, 4 बाइक और मोबाइल बरामद

धनबाद पुलिस ने बाइक चोरी की बढ़ती वारदातों पर लगाम लगाते हुए एक अंतरजिला चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। धनसार थाना क्षेत्र में 20 अगस्त को शंकर नगर बरमसिया के 70 वर्षीय सुरेश सिंह की होंडा साइन मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। इससे पहले 17 अगस्त को जन्माष्टमी के दिन टाटा मोटर्स के पास से एक स्प्लेंडर प्लस की चोरी हुई थी। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक संदिग्ध दिखा। पूछताछ में उसकी पहचान झरिया के भगतडीह निवासी राजा राउत उर्फ राजकुमार राउत के रूप में हुई। राजकुमार 27 जून को जेल से छूटा था और उस पर पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। 22 अगस्त की रात झरिया थाना की मदद से राजकुमार को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बोकारो के चंद्रपुरा निवासी मोहम्मद असलम और नावाडीह के मंगो निवासी 34 वर्षीय मोहम्मद इरफान को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो होंडा साइन, एक स्प्लेंडर, एक हीरो ग्लैमर के कटे हुए पार्ट्स और तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *