धनबाद में एक सड़क हादसे में बिहार के नवादा जिले की 46 वर्षीय महिला प्रमिला देवी की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार सुबह कोलाकुसमा के पास हुई। प्रमिला देवी अपने पति साजन कुमार सिंह और पोते के साथ धनबाद रेलवे स्टेशन जा रही थीं, ताकि वे सुबह की ट्रेन पकड़कर नवादा लौट सकें। प्रमिला देवी अपने परिवार के साथ दो दिन पहले अपनी बेटी से मिलने धनबाद आई थीं। शुक्रवार को वे वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। कोलाकुसमा के पास एक पिकअप वैन और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
ऑटो में लगभग 5 से 6 लोग सवार टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पलट गया। प्रमिला देवी जिस तरफ बैठी थीं, ऑटो का पूरा भार उसी तरफ गिरा, जिससे उनके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। ऑटो में लगभग 5 से 6 लोग सवार थे। अधिकांश यात्रियों को हल्की चोटें आईं, लेकिन प्रमिला देवी की हालत गंभीर हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रमिला देवी को एसएनएमएमसीएच धनबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के दामाद अरुण कुमार ने बताया कि उनके सास-ससुर अपने पोते के साथ दो दिन पहले धनबाद आए थे और शुक्रवार को वापस घर लौटने वाले थे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।


