गरियाबंद| फिंगेश्वर नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज की है। कांग्रेस प्रत्याशी धनराज सूर्यवंशी ने 544 वोटों से जीत हासिल करते हुए बीजेपी प्रत्याशी उत्तम राजवंशी को पराजित किया। इस जीत के साथ ही नगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई और नगर के प्रमुख मार्गों पर ढोल-नगाड़ों के साथ विजयी जुलूस निकाला गया। नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने पार्षद की तीन सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि बीजेपी को पांच सीटों पर सफलता मिली है। वहीं, सात निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी बाजी मार ली है। अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के धनराज सूर्यवंशी की जीत से पार्टी समर्थकों का उत्साह दोगुना हो गया है। फिंगेश्वर की इस चुनावी जंग में कांग्रेस की जीत ने कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशियों की बड़ी संख्या में जीत ने भी राजनीतिक समीकरणों को रोचक बना दिया है। विजयी प्रत्याशियों ने नगर के विभिन्न मार्गों पर गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली।


