बाड़मेर में किराना व्यापारी ने टांके (अंडरग्राउंड वाटर टैंक) में कूदकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले व्यापारी ने 3 वीडियो बनाए। इनमें व्यापारी ने कहा- नारणाराम रबारी, मुझे मारने की धमकियां दे रहा है। इसने हमारे घर में बहुत दुख उत्पन्न कर दिया है। आज मेरा लास्ट दिन है। मैं बहुत परेशान हूं। व्यापारी ने कहा- मुझे पुलिस से पकड़वाने के लिए मेरे घर पर डोडा-पोस्त फेंका था। सुरेश ने मुझे धमकी दी कि हमारा राज है तेरे को मार देंगे। आज मेरी बहुत बुरी हालत है। लादूराम नाई मुझे परेशान करता था। इन सबको माफ मत करना। घटना बाखासर थाना इलाके के चितरड़ी गांव की है। व्यापारी घर से करीब 1 किलोमीटर दूर गांव में टांके में कूद गया था। आसपास के लोगों ने उसे बाहर निकाला और परिवार को सूचना दी। परिवार के लोग व्यापारी को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर टांके पर आए और प्रदर्शन कर आरोपियों को गिरफ्तारी करने की मांग की। देर शाम तक मांगों पर सहमति बनी बन पाई। पुलिस ने शव को सेड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्च्युरी में रखवाया है। घर से 1 किलोमीटर दूर बने टांके में कूदकर दी जान
थानाधिकारी विशनसिंह ने बताया- चितरड़ी गांव निवासी राणाराम (27) पुत्र देदाराम की गांव में किराना की दुकान है। उसने शुक्रवार को सुबह घर से करीब 1 किलोमीटर दूर गांव में सार्वजनिक टांके में कूदकर सुसाइड कर लिया। चौहटन डीएसपी जीवनलाल खत्री के साथ मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम को बुलाकर सबूत जुटाए। मृतक का भाई बोला- न्याय मिलेगा तो ही बॉडी उठाएंगे
मृतक के भाई धर्माराम ने बताया- भाई ने परेशान करने वाले युवकों का नाम लेकर वीडियो बनाया और परिवार के वॉट्सऐप ग्रुप में शेयर किया। सुरेश और नारणाराम देवासी पर धमकाने का आरोप लगाया और इस कारण सुसाइड की बात कही। हमें न्याय मिलेगा, तब हम बॉडी को यहां से उठाएंगे, अन्यथा शव यहीं रहेगा। पैसों के लेन-देन का मामला है। ज्यादा मुझे जानकारी नहीं है। जानकारी के अनुसार- मृतक राणाराम के 2 भाई हैं। राणा राम दूसरे नंबर का भाई था। उसकी तीन साल पहले शादी हुई थी। वह गांव में ही किराने की दुकान करता था, जबकि अन्य दो भाई खेती-किसानी करते हैं। व्यापारी के 3 वीडियो आए सामने, कहा- परेशान हूं, मरने जा रहा हूं पहला वीडियो (57 सेकेंड)- व्यापारी राणाराम ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसमें कहा कि नारणाराम रबारी मुझे मारने की धमकियां दे रहा है। इसने हमारे घर में बहुत दुख उत्पन्न कर दिया है। इसलिए आज मेरा लास्ट दिन है। मैं बहुत परेशान हूं। मुझे पुलिस से पकड़वाने के लिए मेरे घर पर डोडा-पोस्त फेंका था। सुरेश ने मुझे धमकी दी कि हमारा राज है तेरे को मार देंगे। आज मेरी बहुत बुरी हालत है। लादूराम नाई मुझे परेशान करता था। इन सबको माफ मत करना। दूसरा वीडियो (22 सेकेंड)- सुरेश बोल रहा है कि हमारा राज है कुछ नहीं होने वाला है। मेरे ऊपर गाड़ी चढ़ाने का भी प्रयास किया था। मैं बहुत परेशान हूं। पुलिस वाले हमारे हाथ में है। तीसरा वीडियो (9 सेकेंड)- बहुत परेशान हूं, क्या करुं यार, इसलिए मैं मरने जा रहा हूं। बहुत परेशान हूं।


