सरकारी हॉस्पिटल में महिला रेजिडेंट को डॉक्टर ने गालियां देकर और मारने-पीटने की धमकी दी। पीएमओ ने आरोपी डॉक्टर को कारण बताओ नोटिस दिया। साथ ही 5 डॉक्टरों की जांच कमेटी बनाई। मामला राजसमंद के नाथद्वारा स्थित श्री गोवर्धन राजकीय जिला अस्पताल में 19 फरवरी की रात का है। शुक्रवार को केस दर्ज हुआ है। अस्पताल की महिला रेजिडेंट ने बताया कि बुधवार रात को इमरजेंसी से काॅल आया कि एक बच्चे की तबीयत खराब है, जब वह देखने पहुंची तो ड्यूटी पर डॉ प्रशांत गिरी मौजूद थे। उनसे बच्चे के बारे में पूछने पर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। जिसके बाद पीएमओ और पुलिस को कॉल किया। महिला रेजिडेंट ने बताया कि उस समय डॉ प्रशांत ने शराब पी हुई थी। इससे पहले भी उनके खिलाफ मामले हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। पीएमओ कैलाश भारद्वाज ने बताया- घटना के बाद वहां पहुंचा तब तक डॉ प्रशांत जा चुके थे। इसके बाद दूसरे डॉक्टर की ड्यूटी लगाई और डॉ प्रशांत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। महिला रेजिडेंट से लिखित शिकायत मिलने पर पांच सीनियर डॉक्टरों की कमेटी बनाकर जांच करने को कहा गया है, जो भी रिपोर्ट आएगी उसे उच्च अधिकारियों को भेजकर कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा। मामले में पुलिस ने गुरुवार देर रात आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया था, जिसे शुक्रवार सुबह पाबंद कर छोड़ा गया। श्रीनाथजी मंदिर थाने की हेड कांस्टेबल उषा ने बताया कि महिला डॉक्टर ने शुक्रवार को शिकायत दर्ज करवाई है। मामले की जांच की जा रही है।


