छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में महानदी के बीच ग्रामीणों ने अवैध रेत उत्खनन के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने मौके से दो चेन माउंटेन और कुछ हाइवा जब्त कर लिए। ग्रामीण लंबे समय से रेत खदानों के सीमांकन की मांग कर रहे हैं। यह घटना ग्राम दोनर के पास महानदी में हुई। ग्रामीणों ने अवैध तरीके से चल रहे रेत खनन को बंद कराया और मौके पर मौजूद मशीनों को अपने कब्जे में ले लिया। बड़ी संख्या में ग्रामीण महानदी में डटे हुए हैं, जिससे विवाद की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि महानदी में कई सालों से अवैध रेत खदानें चलाई जा रही हैं। ग्राम दोनर और लड़ेड़ के बीच स्थित इन खदानों के सीमांकन की मांग ग्रामीण लगातार कर रहे हैं, लेकिन अब तक यह नहीं हो पाया है। सीमांकन न होने के कारण रेत माफिया बेरोकटोक अवैध उत्खनन कर रहे हैं। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने सीमांकन के लिए करीब 6 से 7 बार कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका यह भी आरोप है कि बड़े रकम मिलने के बाद सीमांकन की प्रक्रिया रोक दी जाती है। लगातार शिकायतों के बावजूद अवैध खनन पर लगाम नहीं लग पा रही है। खनन बंद करने की मांग पर अड़े गुस्साए ग्रामीणों ने अवैध रेत खनन को पूरी तरह बंद करने की मांग की है। उन्होंने जब्त किए गए चेन माउंटेन और हाइवा को बस्ती में भेज दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक महानदी का सीमांकन नहीं हो जाता, तब तक कोई रेत खनन नहीं होना चाहिए और सीमांकन के बाद ही वैध तरीके से रेत का उत्खनन किया जाए।


