छत्तीसगढ़ के धमतरी में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष दीपक बैज ने एक दिवसीय दौरा किया। उन्होंने रेत माफिया के हमले में घायल युवक से अस्पताल में मुलाकात की। घटना की जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले धमतरी में अवैध रेत भंडारण और खनन के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान एक युवक प्रशासन की मदद कर रहा था। वह बैटरी लेने गया था। लौटने पर रेत माफिया ने उस पर चाकू से चार वार किए। युवक बाल-बाल बच गया। पीसीसी अध्यक्ष ने घायल युवक से करीब 15-20 मिनट तक बातचीत की। इस दौरान विधायक और पूर्व विधायक भी मौजूद रहे। विधायक ओंकार साहू ने पीड़ित परिवार को कांग्रेस कमेटी के समर्थन का आश्वासन दिया। बैज बोले- अवैध खनन और भंडारण के लिए शासन-प्रशासन जिम्मेदार बैज ने रेत भंडारण स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एसडीएम और खनिज अधिकारी से फोन पर बात की। दोनों ने भंडारण को अवैध बताया, जबकि कलेक्टर ने इसे वैध करार दिया। इस विरोधाभास पर पीसीसी अध्यक्ष ने नाराजगी जताई। उन्होंने अवैध खनन और भंडारण के लिए शासन-प्रशासन और खनिज अधिकारी को जिम्मेदार ठहराया। दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं ने सिहावा चौक पर पीसीसी अध्यक्ष का स्वागत किया। बैज ने जवर गांव में शहीद टकेश्वर निषाद के स्मारक पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद वे लीलर रेत खदान पहुंचे और चाकूबाजी की घटनास्थल का जायजा लिया।


