धमतरी के ग्राम बोरीद खुर्द के ग्रामीणों ने देर रात रुद्री थाने का घेराव किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों पर खाना खाकर टहल रहे युवकों से बेवजह मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया। नगर पुलिस अधीक्षक और हिंदू जागरण मंच के संयोजक सहित ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। घटना के बाद बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण रुद्री थाने पहुंचे और घेराव शुरू कर दिया। गांव के युवक तमेश्वर साहू (पंच पुत्र), मोहन नेताम (पंच पुत्र), संजू साहू और नोमेश साहू ने आरोप लगाया कि वे खाना खाकर गांव के बैगा डोकरा चौक पर बैठे थे। इस दौरान पेट्रोलिंग वाहन में आए करीब छह पुलिसकर्मियों ने उनसे पूछताछ की और सीधे तस्वीरें खींचने लगे। जब उन्होंने फोटो खींचने से मना किया, तो पुलिसकर्मियों ने मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने दिया जांच का आश्वासन मारपीट के बारे में पूछने पर उन्हें और पीटा गया। संजू साहू ने यह भी बताया कि वह अपनी बाइक से काम कर लौट रहा था और मोबाइल पर अपनी मां से बात कर रहा था, तभी पुलिसकर्मियों ने उसे भी रोका और मारपीट की। मामले में नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी ने कहा कि युवकों की शिकायत के आधार पर जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।


