प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी ने भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में एक निशुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। इस दौरान ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ अभियान का भी शुभारंभ किया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बुधवार को इस शिविर का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह दिन भगवान विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री के जन्मदिन के कारण ऐतिहासिक है। उन्होंने चिकित्सकों की ओर से गंभीर बीमारियों के मरीजों के इलाज को अमूल्य सेवा बताया। शिविर में कार्डियोलॉजिस्ट, न्यूरोसर्जन, रोबोटिक जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन, ऑर्थोपेडिक, न्यूरोलॉजिस्ट, यूरोलॉजिस्ट, नेफ्रोलॉजिस्ट, ऑन्कोलॉजिस्ट और मेडिसिन विशेषज्ञों सहित प्रदेश के 18 और जिले के 12, कुल 30 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। इस वृहद स्वास्थ्य शिविर में कुल 2056 मरीजों ने अपना पंजीकरण कराया। कार्य योजना बनाने पर दिया जोर मरीजों को इलाज के साथ-साथ आयुष्मान कार्ड, आवश्यक दवाइयां और महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुझाव भी प्रदान किए गए। इसके अलावा सीआरसी (समग्र क्षेत्रीय केंद्र) के स्टॉल पर दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण वितरित किए गए। डॉ. रमन सिंह ने सीआरसी को दिव्यांगजनों के पुनर्वास और शिक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बताया। उन्होंने शिविर की सफलता के लिए मरीजों के इलाज के बाद उनके फॉलोअप और अंतिम निराकरण के लिए कार्य योजना बनाने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि हृदय रोग के मरीजों को आगे के इलाज के लिए विशेषज्ञ संस्थानों में रेफर किया जाएगा। शिविर में 8 मरीजों में हृदय रोग का पता चला, जबकि कई अन्य मरीजों को किडनी, मधुमेह और मोतियाबिंद जैसी बीमारियों के बारे में पहले कोई जानकारी नहीं थी।


