छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले अर्जुनी गांव के मतदान केंद्र में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। आधी रात को मतदान केंद्र में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों और निर्वाचन कर्मचारियों पर शराब परोसने का आरोप लगा है। जैसे ही स्थानीय ग्रामीणों को इस घटना की जानकारी मिली, वे बड़ी संख्या में मतदान केंद्र के बाहर एकत्र हो गए और जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की। इसके अलावा, कुछ प्रत्याशियों और अन्य व्यक्तियों को मतदान केंद्र में अनधिकृत प्रवेश की अनुमति देने के विरोध में भी ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और मामले की जांच शुरू कर दी। चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, मतदान केंद्र में किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन या वितरण पूर्णतः प्रतिबंधित है, और यह आचार संहिता का गंभीर उल्लंघन माना जाता है। तहसीलदार सूरज बंछोर ने कहा कि उन्हें हंगामा की सूचना मिली थी।और वह मामले की जांच कर रहे हैं। दूसरी तरफ पुलिस के जो अधिकारी हैं उन्होंने लोगों से बातचीत कर हंगामा का कारण समझने की कोशिश की और उन्हें आश्वासन दिया की जांच की जाएगी।


