धमतरी में पुलिस कार्रवाई न होने पर चक्काजाम:ग्रामीणों ने थाना प्रभारी और प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मुजगहन गांव में देर रात ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। यह विरोध प्रदर्शन पुलिस प्रशासन और थाना प्रभारी के खिलाफ था, जिसमें ग्रामीणों ने शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने का आरोप लगाया। जनपद सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर बैठकर नारेबाजी कर रहे थे। जनपद सदस्य कीर्तन मिनपाल ने बताया कि मुजगहन में साईं मंदिर के पास एक परिवार किराए पर रहता है। यह परिवार आए दिन शराब पीकर लोगों से गाली-गलौज और मारपीट करता है, जिससे गांव का माहौल खराब हो गया है। रविवार को भी किराएदार ने पड़ोसियों से गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए। किराएदार को हटाने की सूचना पहले दी गई थी मिनपाल के अनुसार, इस किराएदार को गांव से हटाने के लिए 10 दिन पहले अर्जुनी थाने और पंचायत को सूचना दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस को रविवार की घटना की सूचना देने के काफी समय बाद भी जब वे मौके पर नहीं पहुंचे, तो ग्रामीणों ने धमतरी-गुंडरदेही मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस की देर से पहुंच के कारण ग्रामीणों ने चक्काजाम किया चक्काजाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किराएदार और मकान मालिक को थाने ले जाकर किराएदार को मकान खाली करने का निर्देश दिया। इस आश्वासन के बाद ही ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ और चक्काजाम समाप्त किया गया। गांव के सरपंच होमेश्वर साहू ने भी पुष्टि की कि पंचायत की ओर से किराएदार को हटाने के लिए अर्जुनी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *