धमतरी में मिलावट शराब को लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन:स्टिकर बदलने का लगाया आरोप, जांच की मांग

छत्तीसगढ़ के धमतरी में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक शराब दुकान पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शराब में मिलावट और बोतलों के स्टिकर बदलने का आरोप लगाया। यह प्रदर्शन रत्नाबांधा रोड स्थित एक शराब दुकान पर 27 दिसंबर को हुआ, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कार्यकर्ताओं ने दुकान से शराब की बोतलें निकालकर मिलावट का आरोप लगाया। इस दौरान उनकी दुकान कर्मचारियों से बहस भी हुई। युवा कांग्रेस ने गार्ड पर भी शराब बेचने का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी मिलने पर आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शराब के नमूने जांच के लिए सीलबंद बोरियों में ले गई। जिले में मिलावटी शराब की बिक्री बढ़ी धमतरी जिले में मिलावटी शराब की बिक्री की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। जिले में कुल 27 सरकारी शराब दुकानें संचालित हैं, जिनमें से कुछ दुकानों से ऐसी शिकायतें मिल रही हैं। दो साल पहले रांवा गांव में भी मिलावटी शराब का मामला सामने आया था। युवा कांग्रेस के प्रवक्ता राकेश मौर्य ने बताया कि उन्हें शराब पीने वाले लोगों से शिकायतें मिली थीं कि बोतलों के स्टिकर बदले जाते हैं और उनमें पानी मिलाया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। भाजपा सरकार पर साधा निशाना यूथ कांग्रेस के गीत राम सिन्हा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शराब में पानी मिलाकर छत्तीसगढ़ की जनता को लूटा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शराबबंदी के वादे से मुकर रही है और मिलावट को बढ़ावा देकर लोगों की जान से खिलवाड़ कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *