बलरामपुर रामानुजगंज में राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के अंतर्गत तातापानी राजकुमारी टोला में नाली निर्माण कार्य के दौरान पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदते समय नल-जल योजना की पाइपलाइन कट जाने से दर्जनों परिवारों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पाइपलाइन कटने के कारण ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए काफी दूर जाना पड़ रहा है। कई लोगों ने बताया कि दूर से पानी लाने के बावजूद पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इस टोले में नलकूप की कोई व्यवस्था नहीं है, और जो नलकूप मौजूद हैं, वे भी लंबे समय से खराब पड़े हैं। ग्रामीण ने आपसी सहयोग से अस्थायी मरम्मत कराया ग्रामीणों का कहना है कि नाली निर्माण कार्य के दौरान यह पहली बार नहीं है जब पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है। पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। हर बार ग्रामीण आपसी सहयोग से अस्थायी मरम्मत करते हैं, लेकिन निर्माण एजेंसी की लापरवाही के कारण समस्या बार-बार उत्पन्न हो जाती है। संबंधित अधिकारियों को कई बार सूचित करने के बावजूद आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। इस संबंध में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला महामंत्री अमरदीप मिंज ने ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि नल-जल योजना की पाइपलाइन को बार-बार क्षतिग्रस्त किया जा रहा है, जिससे कई घरों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। मिंज ने यह भी आरोप लगाया कि पाइपलाइन तोड़ने के बाद ठेकेदार उसकी मरम्मत में कोई रुचि नहीं दिखा रहा है। ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कर पेयजल समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।


