धरणीधर टीम करेगी छह फरवरी से वितरण, अब तक सर्व समाज के 103 कार्ड पहुंचे

सिटी रिपोर्टर| बीकानेर पुष्करणा सावा दस फरवरी को है। इस दिन बीकानेर शहरी क्षेत्र में किसी भी समाज की कन्या का विवाह होगा तो उसे भी वही सहायता मिलेगी जो पुष्करणा समाज की कन्या के परिवार को मिलती है। इसके लिए टीम धरणीधर ने तैयारियां पूरी कर ली है। हर कन्या परिवार को 25 हजार रुपए की राशन कीट की सहायता दी जाएगी। इसके लिए उन्हें विवाह का कार्ड लेकर जाना होगा। इसके लिए बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक इस कार्य में जुटे हैं। 25 सदस्यों की यह टीम अपने स्तर पर सभी व्यवस्था करती है। राशन में देशी घी का टिन भी शामिल है। इससे कन्या पक्ष को बड़ी आर्थिक मदद मिलती है। कन्या पक्ष के लिए यह अभियान 19 साल पहले शुरू हुआ था। इससे पहले टीम धरणीधर के लोग पूनरासर बालाजी के मेले में भोजन की सेवा लगाते थे। बाद में इस आयोजन को उन्होंने कन्या विवाह में सहयोग के रूप में बदल दिया। धरणीधर टीम के सेक्रेटरी दुर्गाशंकर आचार्य ने बताया कि कन्या के परिवार को राशन किट लेने के लिए विवाह कार्ड और आधार कार्ड धरणीधर मंदिर के पुजारी को जमा करवाना होगा। उसके बाद उसका वितरण शुरू किया जाएगा। छह फरवरी से राशन किट का वितरण धरणीधर मैदान से ही किया जाएगा। अभी तक 103 कन्याओं के विवाह कार्ड आ चुके हैं। सामूहिक पुष्करणा सावे का मतलब ही है सेवा और सहयोग। ऐसे में धरणीधर टीम के संस्थापक पूर्व सरपंच रामकिशन आचार्य के नेतृत्व में पुष्करणा समाज के सामूहिक विवाह के दिन अन्य समाज के लोगों को भी सहयोग देने का निर्णय लिया गया। उनका मानना है कि शादियों में जरूरतमंद लोगों पर कम से कम बोझ पड़े, यही संदेश देने के लिए एक ही दिन विवाह करने वालों के लिए ऐसा किया जा रहा है। टीम से जुड़े आनंद आचार्य का कहना है कि केवल जरूरतमंद परिवार को ही इसका लाभ मिले, इसके लिए कुछ नियम बनाए गए हैं। सरकारी कर्मचारियों के परिवार में अगर शादी है तो उन्हें इससे दूर रखा गया है। इस कार्य में पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, पूर्व सरपंच और समाजसेवी रामकिशन आचार्य, उद्योगपति राजेश चूरा, भंवर पुरोहित, जगमोहन आचार्य आदि पूर्ण सहयोग करते हैं। यह मिलेगा राशन किट में, युवाओं को सौंपी वितरण की जिम्मेदारी राशन किट में देशी घी का एक टिन, मूंगफली तेल के दो दिन, 50 किलो आटा, 50 किलो चीनी, 15 किलो मूंगदाल, 15 किलो मोगर, दो किलो मैदा, पांच किलो चावल, एक किलो बड़ी, एक किलो बाट, एक किलो लाल मिर्च, आधा किलो धनिया, 250 ग्राम हल्दी, 20 किलो आलू, एक साड़ी दी जाती है। सारी सामग्री टीम के सदस्यों के सहयोग से एकत्रित हो गई है। उसके वितरण के लिए युवाओं की टीम को जिम्मेदारियां सौंपी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *