शुक्रवार शाम प्रतापगढ़ जिले के धरियावद उपखंड के बांसी घाट सेक्शन पर मूंगफली के छिलकों से भरा एक ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में भीषण आग लग गई, जिससे वह पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हालांकि, ड्राइवर और खलासी ने कूदकर अपनी जान बचाई। यह घटना शाम करीब 7 बजे हुई, जब बोहेड़ा से धरियावद की ओर आ रहा ट्रक घाट पर उतरते समय अचानक बेकाबू हो गया। पलटने के तुरंत बाद शॉर्ट सर्किट के कारण ट्रक में आग लग गई। ट्रक से कूदने के कारण ड्राइवर और खलासी को मामूली चोटें आई हैं। घाट क्षेत्र जंगल से घिरा होने के कारण आग बुझाने की कोई त्वरित व्यवस्था नहीं हो सकी, जिससे आग तेजी से फैली और ट्रक पूरी तरह जल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बांसी घाट पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।


