धरियावद के मुनिया ग्रामीणों ने स्कूल गेट पर जड़ा ताला:शिक्षिकाओं को हटाने की मांग, CBEO ने किया दो का तबादला

धरियावद ब्लॉक की ग्राम पंचायत मुनिया के राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल जायाखेड़ा में ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। ग्रामीण विद्यालय की विभिन्न समस्याओं और कार्यरत दो शिक्षिकाओं को हटाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। तालेबंदी की सूचना मिलते ही मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राम मोहन मीणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी शिकायतें सुनीं। ग्रामीणों ने एक लिखित पत्र सौंपा, जिसमें स्कूल की समस्याओं के साथ-साथ दो शिक्षिकाओं को तत्काल हटाने की मांग की गई थी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दोनों शिक्षिकाएं बच्चों को पढ़ाती नहीं हैं और उनके आपसी मनमुटाव का असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। ग्रामीणों के मांग पत्र के बाद CBEO राम मोहन मीणा ने तत्काल प्रभाव से स्कूल में कार्यरत दोनों शिक्षिकाओं को हटा दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान विद्यालय पहुंचने वाले विद्यार्थी मुख्य गेट पर ताला होने के कारण बाहर सड़क पर बैठे दिखाई दिए। CBEO मीणा ने ग्रामीणों से संवाद कर ताला खुलवाया और फिर विद्यालय में बैठक ली। ग्रामीणों के लिखित शिकायत पत्र के आधार पर शिक्षिका अनुराधा और दीपिका को जांच पूरी होने तक मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में स्थानांतरित किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *