प्लास्टिक कबाड़ा गोदाम में लगी भीषण आग:सात दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू,शॉर्ट सर्किट से लगी आग

कोटा के दीनदयाल नगर इलाके की पत्थर मंडी में स्थित एक कबाड़ के गोदाम में आज सुबह भीषण आग लग गई। स्थानीय लोगों ने धुआं उठता देखा तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी, जिसके बाद नगर निगम फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर भेजा गया। गोदाम के अंदर प्लास्टिक का कबाड़ अधिक मात्रा में होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। स्थिति गंभीर होती देख महावीर नगर फायर स्टेशन से दो दमकल और भेजी गईं। तेजी से फैलती लपटों और आसपास स्थित दुकानों व शोरूम को बचाने के लिए फायर-कर्मियों ने तेजी दिखाते हुए गोदाम की छत पर लगे टिन शेड हटाए, ताकि आग तक सीधा पहुंचकर उसे नियंत्रित किया जा सके। करीब एक से डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह काबू में किया गया। नगर निगम अग्निशमन विभाग के मुख्य अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि सुबह करीब 9:20 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआती टीम के पहुंचने पर पाया गया कि प्लास्टिक का भारी मात्रा में कबाड़ होने से आग तेजी से फैल चुकी थी। इस वजह से दो और दमकलों को मौके पर बुलाना पड़ा। उन्होंने बताया कि करीब एक से डेढ़ घंटे की कोशिशों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। अग्निशमन विभाग के अनुसार, शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। गनीमत रही कि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि गोदाम में रखा पूरा प्लास्टिक कबाड़ जलकर राख हो गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *