कांकेर जिले के आमाबेड़ा में हुई घटनाओं और कथित जबरन धर्मांतरण के विरोध में बुधवार को बालोद जिले में सुबह 7 बजे से पूरा बंद रखा गया। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के आह्वान पर हुए इस बंद को व्यापारी समाज, विभिन्न समाजों और सामाजिक संगठनों का व्यापक समर्थन मिला। बालोद मुख्यालय, दल्लीराजहरा शहर, डौंडीलोहारा, डौंडी, गुरुर, गुंडरदेही, अर्जुन्दा और पुरूर में व्यापारियों ने अपनी दुकानें पूरी तरह बंद रखीं। बंद के दौरान बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। बालोद शहर में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने सड़क निर्माण कार्य और शराब दुकानों को भी बंद करवाया। विश्व हिंदू परिषद के बलराम गुप्ता, सतीश विश्वकर्मा और मोनू सोनवानी ने बंद को लेकर जानकारी देते हुए कहा था कि, बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने आम नागरिकों से सहयोग की अपील की।


