भास्कर न्यूज | अमृतसर धर्मी फौजी एसोसिएशन ने प्रधान बलदेव सिंह की अगुवाई में श्री दरबार साहिब के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर प्लाजा में मांगों को लेकर शांतमय रोष प्रदर्शन किया गया। भाई बलदेव सिंह ने कहा कि एसजीपीसी द्वारा ऑपरेशन ब्लू स्टार के विरोध में अपने बैरक छोड़कर नौकरी से त्याग पत्र देने वाले करीब 4 हजार पूर्व फौजियों की अनदेखी की गई है। एसजीपीसी द्वारा धर्मी फौजियों की उपेक्षा की जा रही है। अभी तक 41 साल में सिर्फ 250-300 धर्मी फौजियों को ही नौकरी प्रदान की गई है। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज द्वारा सीएम भगवंत मान को अकाल तख्त सचिवालय में तलब करने पर बलदेव सिंह ने कहा कि एसजीपीसी शिरोमणि अकाली दल बादल के प्रधान सुखबीर बादल के इशारे पर अकाल तख्त साहिब का ढाल के तौर पर इस्तेमाल कर रही है। जब आप सरकार के सीएम मान को तलब किया जा सकता है तो फिर ऑपरेशन ब्लू स्टार को अंजाम देने वाली पूर्व कांग्रेस सरकार के मुखिया रहे कैप्टन अमरिंदर सिंह को तलब क्यों नहीं किया जा सकता है। आप सरकारों की तर्ज पर ऑपरेशन और दिल्ली दंगों की जिम्मेदार कांग्रेस सरकारों व उनके नेताओं को भी अकाल तख्त पर तलब किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 1984 के दिल्ली दंगों में मारे गए पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए यह जरूरी है कि कांग्रेसियों को भी यहां तलब किया जाए। सिंह साहिबान इस मामले में सिख कौम को कब इंसाफ दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि धर्मी फौजियों का शिष्टमंडल 15 जनवरी को जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह से मुलाकात कर इंसाफ देने की अपील करेगा।


