कटारिया के सम्मान में समारोह, व्यापारियों ने बिगड़ती कानून व्यवस्था पर जताई चिंता

भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब सरकार द्वारा लॉ एंड ऑर्डर और पीएसपीसीएल विभाग के चेयरपर्सन नियुक्त किए गए गुरप्रीत सिंह कटारिया के सम्मान में पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिला प्रधान सुरिंदर दुग्गल की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में प्रदेश प्रधान प्यारे लाल सेठ और समीर जैन विशेष रूप से शामिल हुए। व्यापारी नेता दुग्गल, सेठ, जयदीप सिंह व अन्यों ने कटारिया का ध्यान ला एंड आर्डर की बिगड़ती स्थिति की तरफ दिलाया। उक्त नेताओं ने कहा कि व्यापारियों के साथ लूट-खसूट, छीना-छपटी तो दिनचर्या का हिस्सा बन गई है। आए दिन ऐसी आपराधिक वारदातें हो रही हैं जिन्हें पुलिस प्रशासन अंकुश लगाने में विफल साबित हो रहा है। उन्होंने कटारिया के समक्ष ट्रेफिक समस्या की तरफ भी दिलाया। उन्होंने कहा कि यातायात जाम की समस्या के समाधान के लिए भी कोई न कोई ठोस रणनीति बननी चाहिए क्योंकि इससे पर्यटकों पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। इससे श्री हरमंदर साहिब व अन्य स्थलों के दर्शन दीदार के लिए यहां पहुंचने वाले पर्यटकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कटारिया ने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही पुलिस विभाग, जीएसटी विभाग व अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ शहर की प्रमुख 52 व्यापारिक एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित करवाएंगे। इस मौके पर व्यापारी नेता बलबीर भसीन, राकेश ठुकराल, रवि अरोड़ा, संदीप खोसला, सलील चोपड़ा, जयदीप सिंह, ओपी बुलानी, अशोक छाबड़ा इत्यादि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *