धर्म-अध्यात्म: महावीरपुरम सिटी में शिव महापुराण कथा का समापन:जोधपुर की धर्म-समाज-संस्थाओं की खबरें… जलदायकर्मियों की जयपुर रैली में जोधपुर से जाएंगे 2300 कार्मिक

महावीरपुरम सिटी स्थित ओंकारेश्वर महादेव मंदिर पार्क में चल रही शिव महापुराण कथा (शिव कथा) का रविवार, 21 दिसंबर को भव्य समापन हुआ। महावीरपुरम विकास समिति और श्री कृष्ण मुरारी प्रेम परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ उठाया। समापन समारोह में व्यासपीठ से कृष्णमुरारी महाराज ने शिव महिमा का बखान करते हुए कहा कि भगवान शिव की भक्ति से ही जीव का कल्याण संभव है। उन्होंने श्रद्धालुओं को कथा के सार को अपने जीवन में उतारने का संदेश दिया। विधायक और संतों ने की शिरकत समापन समारोह में रामस्नेही संत हरिराम शास्त्री और सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी बतौर विशेष अतिथि शामिल हुए। अतिथियों ने व्यासपीठ का पूजन कर आशीर्वाद लिया। विधायक देवेंद्र जोशी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और नई पीढी को संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है। वहीं, संत हरिराम शास्त्री ने धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। आयोजकों ने जताया आभार कार्यक्रम के सफल आयोजन पर महावीरपुरम विकास समिति के अध्यक्ष श्रीकांत शर्मा और सचिव राजेश बोड़ा ने सभी आगंतुकों, अतिथियों और कार्यकारिणी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कथा के समापन के बाद महाआरती हुई और उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान पूरा पांडाल ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा। —– कर्मचारियों की हुंकार: 26 दिसंबर की जयपुर रैली के लिए जोधपुर में जनसंपर्क-तैयारियां भारतीय मजदूर संघ (BMS) के बैनर तले 26 दिसंबर को जयपुर में होने वाली राज्य स्तरीय रैली की तैयारियां तेज हो गई हैं। जोधपुर में सोमवार को भारतीय जलदाय श्रमिक संघ ने पोस्टर विमोचन कर प्रचार अभियान का शंखनाद किया। संघ का दावा है कि रैली में कर्मचारियों के अधिकारों और लंबित मांगों को लेकर सरकार को कड़ा संदेश दिया जाएगा। जोधपुर से 2300 कार्यकर्ताओं का जत्था पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष भंवर आंगणवा और प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण सिंह राजपुरोहित ने बताया कि जोधपुर जिले से करीब 2200 से 2300 कार्यकर्ता इस महारैली में शामिल होने के लिए जयपुर कूच करेंगे। वहीं, राजस्थान जलदाय कर्मचारी महासंघ के प्रदेश महामंत्री इंद्राज घोटिया ने दावा किया कि पूरे प्रदेश से अकेले जलदाय विभाग के ही लगभग 10,000 कर्मचारी जयपुर पहुंचेंगे। हक और सम्मान की आवाज भारतीय जलदाय श्रमिक संघ के जिला महामंत्री चौधरी मंघाराम कालीराणा ने कहा कि यह रैली कर्मचारियों के हक, सम्मान और लंबे समय से अटकी मांगों की पूर्ति के लिए आयोजित की जा रही है। वक्ताओं ने कहा कि 26 दिसंबर का दिन कर्मचारियों की एकता और शक्ति प्रदर्शन का दिन होगा। कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष दिलीप राठौर (पीपाड़), सुखराम डुडी, प्रकाश सिंह गहलोत और ओम सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने कर्मचारियों से एकजुट होकर रैली में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *