लातेहार के सदर थाना क्षेत्र के किनामाड़ स्थित शाह वन ढाबा के पास एनएच-39 सड़क किनारे एक ट्रेंच से 19 दिन से लापता युवक का शव बरामद किया गया है। उसकी बाइक भी पास में मिली। परिजनों ने बरामद बाइक के आधार पर मृतक की पहचान चंदवा थाना क्षेत्र के बनहरदी निवासी बालेश्वर उरांव के पुत्र मनोज उरांव के रूप में की है। शव की पहचान उनकी पत्नी सोनी उरांव और चाचा बिंदेश्वर उरांव ने की। गांव के ही किरलाल उरांव के साथ घूमने गए थे परिजनों के अनुसार, मनोज उरांव 3 दिसंबर की शाम लातेहार में अपने डेरा आने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। बताया गया कि वह गांव के ही किरलाल उरांव के साथ घूमने गए थे, जिसके बाद से वह लापता हो गए। काफी खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तब परिजनों ने 5 दिसंबर को चंदवा थाना में गुमशुदगी की सूचना दी थी। शव मिलने की सूचना पर एसडीपीओ अरविंद कुमार, चंदवा थाना प्रभारी रणधीर सिंह और लातेहार थाना प्रभारी रामाकांत गुप्ता मौके पर पहुंचे। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया एसडीपीओ अरविंद कुमार ने बताया कि शव बरामद कर लिया गया है और पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि एफएसएल टीम को बुलाया गया है, जिसकी जांच के बाद शव को उठाया जाएगा। पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई या खोजबीन नहीं की: पत्नी इधर, मृतक की पत्नी सोनी उरांव ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 5 दिसंबर को चंदवा थाना में पति के लापता होने की सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई या खोजबीन नहीं की। इसी लापरवाही से नाराज होकर परिजनों और ग्रामीणों ने 15 दिसंबर को सिकनी के पास एनएच-39 सड़क को जाम भी किया था। पुलिस फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


