भास्कर न्यूज | लुधियाना आत्म-वल्लभ जनपथ स्थित श्री वासुपूज्य पंच कल्याणक जैन मंदिर में वीरवार को श्रद्धा, भक्ति और अटूट आस्था का त्रिवेणी संगम देखने को मिला। मंदिर का छठा वार्षिक ध्वजारोहण समारोह अत्यंत गरिमापूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न हुआ। वर्तमान गच्छाधिपति, शांतिदूत पद्मश्री जैनाचार्य श्रीमद् विजय नित्यानन्द सूरीश्वर महाराज के पावन आशीर्वाद से आयोजित इस उत्सव में समूचा जैन समाज परमात्मा की भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का आगाज सुबह 9 बजे दिव्य मंत्रोच्चारण के साथ हुआ, जिसमें नीलम जैन एवं गोल्फ लिंक मंदिर पूजा मंडल द्वारा स्नात्र पूजा एवं सत्तरभेदी पूजा की विधि विधानपूर्वक संपन्न कराई गई। केसर की महक और भक्तिमय संगीत की लहरों के बीच श्रद्धालुओं ने प्रभु चरणों में अपनी आस्था अर्पित की, जिससे पूरा मंदिर परिसर भगवान वासुपूज्य के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा। समारोह के मुख्य आकर्षण ध्वजारोहण के दौरान विभिन्न लाभार्थी परिवारों ने धर्म ध्वजा फहराने का पुण्य लाभ अर्जित किया। इसमें केवलज्ञान कल्याणक मंदिर हेतु जनपथ एस्टेट के महेश, अनुराधा व आकृति गोयल, च्यवन कल्याणक हेतु स्व. लाला रोशन लाल कैलाशवंती जैन परिवार के वंशज विनोद जैन व समस्त सीएचई परिवार ने अपनी सेवाएं दीं। वहीं जन्म कल्याणक हेतु महावीर उद्योग के किरन व प्रवीण जैन, दीक्षा कल्याणक हेतु फरीदकोट के ज्ञान चंद बिमला देवी जैन बोथरा परिवार के वंशज रवि, वीणा जैन एवं निर्वाण कल्याणक मंदिर हेतु कोलकाता निटवेयर्स के नरेश, मधु जैन व परिवार ने मुख्य ध्वजारोहण का सौभाग्य प्राप्त किया। इस मांगलिक अवसर पर लाभार्थी परिवारों की ओर से साधर्मिक वात्सल्य (सामूहिक भोज) का भी भव्य आयोजन किया गया, जिसमें शहर के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर कमेटी के चेयरमैन महेश गोयल, प्रधान कोमल जैन ड्यूक, उप-प्रधान विनोद जैन सीएचई, कन्वीनर सुधा जैन, सह-मंत्री आशु जैन और कोषाध्यक्ष श्रेणिक जैन सहित समस्त प्रबंधकीय कमेटी का विशेष योगदान रहा। अंत में कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।


