वृंदावन से आए जाने माने कथाकार निर्माण मोहन दास ने कहा कि भगवान कृष्ण ने इस धरती पर धर्म की स्थापना और धर्म का विनाश करने के लिए जन्म लिया। बरियातू हाउसिंग कॉलोनी के गुलमोहर पार्क में श्री नारायण ज्योति सेवा ट्रस्ट के संस्थापक आचार्य राधेश्याम बाबा के सानिध्य में जारी श्रीमद् भागवत कथा के छठे दिन उन्होंने कहा कि बृजवासियों ने प्रेम भक्ति से भगवान को वश में कर लिया, भगवान श्री कृष्ण ने धर्म स्थापना के लिए वृंदावन छोड़कर मथुरा आ गए और विश्व में शांति की स्थापना के लिए अधर्मी राजाओं का वध किया। भगवान श्री कृष्ण ने देवी रुक्मिणी के प्रेम का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा में रुक्मिणी प्रसंग एक महत्वपूर्ण और प्रसिद्ध प्रसंग है। इसमें भगवान श्री कृष्णा और रुक्मिणी के विवाह की कहानी बताई गई है, जो प्रेम भक्ति और मर्यादा का एक सुंदर उदाहरण है। आयोजक मंडली की ओर से आकर्षक वेशभूषा में श्री कृष्णा और रुिक्मणी विवाह की झांकी प्रस्तुत कर विवाह संस्कार की रस्मों को पूरा किया गया। कथा के साथ-साथ भजन संगीत भी प्रस्तुत किया गया। आयोजन समिति के जितेंद्र कुमार महेंद्रु, सुधीर सहाय, अंकित सिंह, प्रशांत सिंह, विराट कुमार, आनंद प्रकाश समेत अन्य ने योगदान दिया।


