भास्कर संवाददाता | बैतूल अब किसान धान बेचने के लिए 13 जनवरी तक स्लॉट बुक करवा सकते हैं। शासन ने स्लॉट बुकिंग की तारीख बढ़ा दी है। पहले स्लॉट बुकिंग 9 जनवरी तक तय थी। किसानों की सुविधा के लिए स्लॉट बुक करने की तिथि बढ़ा दी है। अब तक 4 लाख 37 हजार 576 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। जिले में धान के लिए 9100 किसानों ने पंजीयन करवाया है। इनमें से केवल 6 हजार 367 किसानों से ही धान की खरीदी की गई है। अभी भी तीन हजार के लगभग किसानों से खरीदी करना शेष है। इसके लिए स्लॉट बुक करने की तिथि बढ़ा दी है। जिले में 20 जनवरी तक होने वाली धान की खरीदी के लिए 20 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर लगातार धान की आवक आ रही है। सबसे अधिक आवक चोपना पुनर्वास क्षेत्र में आ रही है। इस बार जिले में 50 हजार मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक चार लाख 37 हजार 576 क्विंटल धान की खरीदी की गई है।


