पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने बुधवार को सूरजपुर स्थित देवनगर धान खरीदी केंद्र पहुंचे। उन्होंने किसानों की समस्याओं को सुना और धान खरीदी की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सरकार से धान खरीदी की समय सीमा बढ़ाने की मांग की। सिंहदेव ने खरीदी केंद्र के प्रबंधक से अब तक हुई धान खरीदी की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने खुद धान की बोरी उठाकर तोलकांटे पर रखी और किसानों से समिति की ओर से लिए जा रहे धान की मात्रा के बारे में पूछताछ की। उन्होंने बताया कि धान खरीदी के लिए केवल तीन दिन शेष हैं, जबकि अभी तक 85 से 90 प्रतिशत धान की ही खरीदी हो पाई है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि कई किसान अभी तक अपना धान नहीं बेच पाए हैं। धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने की मांग डिप्टी सीएम ने कहा कि ऐसी स्थिति में सरकार को किसानों के हितों का ध्यान रखते हुए धान खरीदी की समय सीमा बढ़ानी चाहिए। उनका मानना है कि समय सीमा बढ़ने से सभी किसान अपना धान बेच पाएंगे और उन्हें इसका सीधा लाभ मिलेगा। धान खरीदी केंद्रों पर अवैध वसूली का मुद्दा इस दौरान किसानों ने टीएस सिंहदेव को बताया कि उनसे केंद्र पर प्रत्येक बोरी के लिए 8 से 10 रुपए लिए जा रहे हैं। जिस पर उन्होंने कहा कि अधिकारियों और सरकार में बैठे लोगों से इस विषय पर बात करेंगे और धान खरीदी की समय सीमा बढ़ाने की मांग करेंगे।


