जिले में धान खरीदी केंद्रों पर किसानों को हो रही लगातार परेशानियों के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने सुकमा मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश कवासी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने तोंगपाल से कोंटा तक राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर चक्का जाम कर शासन–प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया। प्रदर्शन के दौरान सुकमा धान उपार्जन केंद्र में कांग्रेस ने हल्ला बोल करते हुए किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले के विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों में लंबे समय से अव्यवस्थाएं बनी हुई हैं। धान खरीदी की सीमा कम होने, समय पर टोकन नहीं कटने, बार-बार सर्वर डाउन रहने और केंद्रों पर किसानों को घंटों इंतजार कराने जैसी समस्याओं से अन्नदाता बेहद परेशान हैं। इसके बावजूद शासन और प्रशासन किसानों की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। कांग्रेस कमेटी का कहना है कि इन समस्याओं से पूर्व में भी जिला प्रशासन को अवगत कराया गया था, लेकिन आज तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया। इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने तीन सूत्रीय मांगों के साथ शांतिपूर्ण चक्का जाम किया, जिससे कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। अफसरों के आश्वासन के बाद कांग्रेसी मान गए सूचना मिलते ही कोंटा एसडीओपी, थाना प्रभारी एवं तहसीलदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाने और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। प्रशासनिक समझाइश के बाद कांग्रेसी व किसानों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया।


