धान से भरी ट्रॉली में पीछे से घुसी ऑल्टो:एयरबैग खुलने से बची जान, गेट लॉक होने से मशक्कत कर बाहर निकाला

नर्मदापुरम जिले के पिपरिया स्टेट हाईवे पर गुरुवार रात एक तेज रफ्तार ऑल्टो कार धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के दोनों एयरबैग खुल गए और वाहन आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार दो युवकों की जान तो बच गई, लेकिन गाड़ी लॉक हो जाने से वे भीतर ही फंस गए। ग्रामीणों और राहगीरों ने करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। यह दुर्घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे ग्राम रानी पिपरिया के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार कार अचानक सामने चल रही ट्रॉली में जा टकराई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। गेट लॉक होने से बढ़ी मुश्किल
टक्कर के बाद कार के सभी गेट लॉक हो गए, जिससे ड्राइवर और साथ बैठा युवक अंदर फंस गए। दोनों घायल हालत में मदद के लिए चिल्लाते रहे। ग्रामीणों ने पहले गेट खोलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं होने पर आखिरकार गेट तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया। गाडरवाड़ा से मंडीदीप जा रहे थे युवक
पुलिस के अनुसार लाल रंग की ऑल्टो कार में सवार दोनों युवक गाडरवाड़ा से मंडीदीप जा रहे थे। इसी दौरान स्टेट हाईवे पर धान से भरी बड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से उनकी कार टकरा गई। सूचना मिलने पर शोभापुर पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी एसआई सुरेश चौहान ने बताया कि दोनों घायलों को उपचार के लिए पिपरिया अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वाहन थाने में खड़े कराए
पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने में खड़ा करा दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *