दुर्ग जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक व्यक्ति आने-जाने वाले लोगों को धारदार हथियार से डरा-धमका रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे काबू में लिया।आम लोगों से मिली सूचना के बाद घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 34 सरस्वती नगर शिवपारा इलाके में बुधवार को पुलिस ने आमजन में दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस के अनुसार दिनांक 04 फरवरी 2026 को थाना सिटी कोतवाली दुर्ग को सूचना प्राप्त हुई कि सरस्वती नगर शिवपारा क्षेत्र में एक व्यक्ति लोहे का धारदार हथियार लेकर सड़क पर घूम रहा है और आने-जाने वाले नागरिकों को भयभीत कर रहा है। इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक नग लोहे का धारदार हथियार बरामद किया गया। पुलिस ने हथियार को जब्त कर लिया है। आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ अपराध
गिरफ्तार आरोपी की पहचान क्रांति नेताम (40 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 34 सरस्वती नगर शिवपारा, दुर्ग के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
अपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल प्रकरण की विवेचना जारी है और पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।


