छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में विधायक ओंकार साहू ने अपने ही गांव आमदी में चक्का जाम किया। यह गांव नगर पंचायत होने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं के अभाव के विरोध में विधायक और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह प्रदर्शन किया। उनकी छह सूत्रीय मांगें थीं। प्रदर्शनकारियों ने आमदी के पुराना बाजार चौक के पास करीब आधे घंटे तक सड़क जाम रखी। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था, जिसने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने का प्रयास किया। पुलिस के रोकने के बावजूद, विधायक सहित कार्यकर्ता पुलिस घेरा तोड़कर सड़क पर आ गए। इसके बाद पुलिस ने बलपूर्वक उन्हें हटाया। देखिए तस्वीरें अधिकारियों के आश्वासन के बाद चक्का जाम समाप्त मौके पर मौजूद अधिकारियों ने नगर पंचायत में मूलभूत सुविधाओं को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद चक्का जाम समाप्त किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार नगर पंचायत के विकास पर ध्यान नहीं दे रही है। विधायक ने नगर पंचायत में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप विधायक ओंकार साहू ने बताया कि नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा एक दिवसीय धरना प्रदर्शन और चक्का जाम का आयोजन किया गया था। उन्होंने कहा कि आमदी को नगर पंचायत बने 19 साल हो चुके हैं, जिसमें से 14 साल भ्रष्टाचार और लीपापोती में बीते हैं। वर्तमान अध्यक्ष पर भी कोई काम न करने का आरोप लगाया गया। विधायक ने एक प्रमुख मांग का उल्लेख करते हुए कहा कि बजट में शामिल और स्वीकृत ‘गौरव पथ’ के कार्य को व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए निरस्त करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ये सभी छह सूत्रीय मांगें प्रदर्शन का आधार थी। जिला अध्यक्ष कांग्रेस तारिणी चंद्राकर ने बताया कि जिले में सभी नगर पंचायत में गौरव पथ बनी हुई है। लेकिन नगर पंचायत आमदी में स्वीकृति होने के बाद भी प्रशासनिक स्वीकृति नहीं है। मांग पूरी नहीं होने पर विशेष मांगों को लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।


