चतरा में शुक्रवार की देर रात एक ओझा-भगत की हत्या कर दी गई। उसके सिर और पेट पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। वहीं, बदमाशों ने सिर को धड़ से आधा काट दिया है। घटना प्रतापपुर थाना क्षेत्र के टंडवा पंचायत के बरवाकोचवा गांव की है। इधर, मृतक की बेटी का आरोप है कि उसके पति का जेठानी के साथ अवैध संबंध है। इसका मैंने और पिता ने विरोध किया था। इसी वजह से पिता की हत्या की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। खाट पर पड़ी मिली लाश मृतक की पहचान कैल भारती के रूप में की गई है। वो घर में अकेले ही रहते थे। लोगों ने सुबह जब कैल भारती के खाट पर पड़ी लाश और खून के धब्बे देखे तो उनकी बेटी और पुलिस को इसकी सूचना दी। जेठानी से हुआ था विवाद मौके पर पहुंची मृतक की बेटी रोशनी कुमारी ने अपनी जेठानी पर हत्या का आरोप लगाया है। रोशनी के मुताबिक, उसके पति और जेठानी के बीच अवैध संबंध है। इस बात को लेकर पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। जेठानी के पिता ने दी थी धमकी जब यह बात कैल भारती को पता चली, तो उन्होंने जेठानी को डांटा और उसे रोशनी के निजी जीवन में दखल न देने की हिदायत दी। रोशनी का कहना है कि इसके बाद जेठानी के पिता किशुन भारती ने कैल भारती को जान से मारने की धमकी दी थी। झाड़-फूंक जैसे मामलों से भी जुड़े हुए थे कैल भारती कैल भारती गांव में ओझा-भगत का काम करते थे। वह झाड़-फूंक जैसे मामलों से भी जुड़े हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना प्रभारी कासिम अंसारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया है। पुलिस अंधविश्वास और पारिवारिक रंजिश दोनों पहलुओं की जांच कर रही है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -कासिम अंसारी, थाना प्रभारी


