कोटा जिला कांग्रेस कार्यालय में रविवार को कांग्रेस पर्यवेक्षक की मौजूदगी में शांति धारीवाल और प्रहलाद गुंजल गुटों में हुई तीखी नारेबाजी और बहसबाजी का मामला अब प्रदेश की राजनीति में तूल पकड़ चुका है। बैठक में दोनों नेताओं के समर्थक आमने-सामने आ गए थे और माहौल तनावपूर्ण बन गया था। इस घटनाक्रम के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने बयान देकर सियासत में हलचल मचा दी। राठौड़ ने कहा प्रहलाद गुंजल तो हमारे ही भेजे हुए हैं, देखिए वो कांग्रेस में जाकर क्या काम कर रहे हैं।” इस बयान ने कांग्रेस खेमे में हलचल मचा दी। आज कोटा में पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने इस पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा मदन राठौड़ का बयान बकवास है। मैंने भाजपा को ठोकर मारकर छोड़ा है। वहां अब व्यक्ति पूजा की संस्कृति हावी हो चुकी है, मैं ऐसी राजनीति से दूर हूं। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा है तो एक दो लोगों को और भेज दो। बीजेपी में सबसे बड़े मोदी हो गए कोई संगठन नहीं कोई राष्ट्र नहीं अब तो कभी भी लेख लिखने लगे हैं। ब्रह्मा जी ने लायबॉय से हाथ धो लिए एक युग पुरुष बनाकर। इतना ज्यादा महिमा मंडल करते हैं चुल्लू भर पानी में डूब के मर जाएं मदन राठौड़ मुझे क्या ज्ञान दे रहे हो। गुंजल ने कहा कि कांग्रेस में मैं संगठन की मजबूती के लिए काम कर रहा हूं। जबकि भाजपा इस विवाद को कांग्रेस की कमजोरी बताकर राजनीतिक बढ़त हासिल करने में जुटी है।


