नजदीकी गांव डल्ला में दहेज प्रताड़ना से परेशान एक विवाहिता ने जहर खा लिया। विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान 26 वर्षीय आनंदजोत कौर के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर पति जगजीत सिंह, जेठ प्रगट सिंह, ननद गुरजीत कौर और ननदोई दिलबाग सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना हठूर के प्रभारी कुलविंदर सिंह के अनुसार, मृतका के पिता कुलवंत सिंह ने बताया कि उनकी बेटी की शादी जगजीत सिंह से हुई थी। शादी के बाद से ही पति, जेठ और ननद उसे दहेज के लिए परेशान करते थे। 11 अगस्त की शाम को कुलवंत सिंह को ननदोई दिलबाग सिंह का फोन आया, जिसमें बताया गया कि आनंदजोत ने जहर खा लिया है। जब पिता ने बेटी से फोन पर बात की, तो उसने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे जबरन जहर पिलाया है। गंभीर हालत में उसे जगराओं के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां मंगलवार शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता ने इसे एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या बताया है। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर में हाल ही में तीन आत्महत्या के मामले सामने आए हैं, जिन्होंने परिवार और स्थानीय समुदाय में गहरा सदमा पैदा कर दिया है। पुलिस और संबंधित अधिकारी मामले की गहन जांच में जुटे हुए हैं। पहला मामला 23 वर्षीय धार्मिक गायिका सिमरन मिश्रा का है, जो उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की रहने वाली थीं। सिमरन ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था। रात लगभग 11 बजे परिजन लौटे और उन्होंने सिमरन को चुन्नी के सहारे फंदे से लटका पाया। तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। सिमरन के पिता अजय मिश्रा के अनुसार, वह लगभग 15 साल से लुधियाना में रह रही थीं और माता के जागरण में भजन गाती थीं। सिमरन मानसिक परेशानियों और डिप्रेशन से भी जूझ रही थीं। फिलहाल उनका शव सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है।


