धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित हो शिवाड़ का घुश्मेश्वर शिवालय : मंत्री

चौथ का बरवाड़ा| राज्य के प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग घुश्मेश्वर महादेव शिवालय को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने केंद्र सरकार से इस पवित्र स्थल के विकास के लिए अनुशंसा की है। मंत्री कुमावत ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को पत्र लिखकर बताया कि शिव पुराण में वर्णित 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल राजस्थान का एकमात्र ज्योतिर्लिंग सवाई माधोपुर जिले के शिवाड़ क्षेत्र में स्थित घुश्मेश्वर शिवालय है, जिसका धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यधिक महत्व है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। पत्र में उल्लेख किया कि घुश्मेश्वर शिवालय के आसपास देवगिरी पर्वत, शिवालय सरोवर, शिवाड़ फोर्ट, कदम्ब वन, मंदर वन, ईसरदा बांध सहित कई ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थल मौजूद हैं, जिनके समग्र विकास से क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। मंत्री ने आग्रह किया कि घुश्मेश्वर शिवालय को अंतरराष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिल सकें। इस पहल से शिवाड़ क्षेत्र सहित पूरे सवाई माधोपुर जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष प्रेमप्रकाश शर्मा ने इस संबंध में कुछ दिनों पूर्व देवस्थान मंत्री जोगाराम कुमावत से भेंट कर उन्हें इस संबंध में मांग की थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *