भास्कर न्यूज | लुधियाना कांग्रेस की वरिष्ठ नेता अमृता वड़िंग वीरवार को लुधियाना प्रवास पर रहीं। इस दौरान उन्होंने जहां एक ओर प्रदेश की मौजूदा सरकार को कानून-व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं के मोर्चे पर विफल बताया, वहीं दूसरी ओर शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर नतमस्तक होकर सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। अमृता वड़िंग ने अपने दौरे की शुरुआत आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ की। उन्होंने गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब में माथा टेका और पंजाब की खुशहाली व सरबत दे भले की अरदास की। इसके पश्चात वे डिवीजन नंबर 3 के समीप स्थित प्राचीन गौशाला पहुंचीं। यहां उन्होंने गौ सेवा की। इस मौके पर शाम लाल सपरा, रिंकू दत्त और पूर्व विधायक सुरिंदर डावर सहित अन्य नेता उपस्थित रहे। टेक्सटाइल और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के प्रतिनिधियों से बात करते हुए वड़िंग ने कहा कि उचित सरकारी सहयोग के अभाव में यहां का उद्योग पिछड़ रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस स्थायी विकास और रोजगार सृजन वाली नीतियों के लिए लगातार आवाज उठाएगी। दौरे के दौरान अमृता वड़िंग ने पूर्व चेयरमैन पवन दीवान और जिला प्रधान संजय तलवाड़ के साथ हेमंत सूद के परिवार से मुलाकात कर उनकी सास रेणु सूद के निधन पर शोक व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने केवल कृष्ण मोदगिल के परिजनों के साथ भी दुख साझा किया।


