धार यातायात पुलिस ने बुधवार को धार-इंदौर मुख्य मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर ही 10 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला। यातायात थाना प्रभारी प्रेम सिंह ठाकुर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों और कार में सीट बेल्ट न लगाने वालों को रोका। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट और जरूरी दस्तावेजों के बिना गाड़ी चलाने वाले चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
टीआई बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे थाना प्रभारी प्रेम सिंह ठाकुर ने बताया कि “यह चालानी कार्रवाई बुधवार से शुरू की गई है और आगे भी जारी रहेगी।” उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और वाहन के दस्तावेज हमेशा साथ रखें।


