धार के महाराजा भोज शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) स्वयंसेवक अंकित भारत सोलंकी का चयन राज्य स्तरीय परेड शिविर के लिए हुआ है। यह चयन शारीरिक दक्षता, परेड में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण जैसे महत्वपूर्ण मानदंडों के आधार पर किया गया। अंकित ने इस उपलब्धि से महाविद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. एस. बघेल, रासेयो सलाहकार डॉ. आर. सी. घावरी, जिला संघटक डॉ. केशरसिंह चौहान, कार्यक्रम अधिकारी प्रो. अभय वर्मा और डॉ. लक्ष्मी बघेल सहित महाविद्यालय के अधिकारियों तथा प्रशिक्षकों ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने अंकित को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। अंकित भारत सोलंकी ने अपनी सफलता का श्रेय महाविद्यालय प्राचार्य, जिला संघटक, रासेयो सलाहकार, अपने भाई, वरिष्ठ साथियों और सभी स्वयंसेवकों को दिया। उनकी यह उपलब्धि अन्य स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।


