धार के स्कूल में फर्स्ट फ्लोर से कूदी स्टूडेंट:जिला अस्पताल में भर्ती; आरोप- चौकीदार बंद करके चला गया था

धार जिले के तिरला क्षेत्र के प्रेम नगर स्थित मॉडल स्कूल में शनिवार को एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया। छुट्टी के बाद स्कूल के चौकीदार ने भवन की ठीक से जांच किए बिना ताला लगा दिया, जिससे कक्षा 6 की एक छात्रा स्कूल के अंदर ही बंद रह गई। बाहर निकलने का कोई रास्ता न मिलने पर छात्रा छाया (पिता दिलीप) ने डर के कारण स्कूल की पहली मंजिल से कूदने का फैसला किया। कूदने से वह घायल हो गई। परिजन उसे तुरंत धार जिला अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। जिला अस्पताल के डॉक्टर डॉ. अविनाश पटेल ने बताया कि छात्रा को गंभीर दर्द है। उसका एक्स-रे कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे के उपचार की दिशा तय की जाएगी। घायल छात्रा के पिता ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, “मेरी बेटी घायल होकर पड़ी रही, लेकिन चौकीदार, प्रिंसिपल या स्कूल का कोई भी स्टाफ मौके पर नहीं आया। किसी ने उसे देखने तक की कोशिश नहीं की।” अन्य छात्रों ने बताया कि छुट्टी के समय आमतौर पर घंटी बजती है, लेकिन उस दिन घंटी की आवाज नहीं आई। साथ ही, ठंड के कारण छात्रों को छत पर धूप में बैठाया गया था, जिससे उन्हें नीचे चल रही गतिविधियों की जानकारी नहीं मिल पाई। घटना के बाद यह भी सामने आया कि जब चौकीदार को छात्रों के अंदर फंसे होने की जानकारी दी गई, तो उसने स्वयं आने के बजाय अपने किसी परिजन को ताला खोलने भेजा और खुद मौके पर मौजूद नहीं रहा। स्कूल की प्रिंसिपल सरोज जैन से इस मामले पर प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने कथित तौर पर कहा, “इस तरह की खबरें मत चलाना, मामले को छोड़ो आप कोई गलती से चौकीदार भूल गया होगा।” इस घटना के बाद अभिभावक बेहद नाराज हैं और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह लापरवाही किसी बड़े हादसे में बदल सकती थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *