धार कोतवाली पुलिस ने बुधवार शाम एक विशेष अभियान चलाकर 156 आदतन अपराधियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और नगर पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने आदतन अपराधियों को चिह्नित किया। इसके बाद एसडीएम धार राहुल गुप्ता, तहसीलदार धार आशीष राठौर और नगर निरीक्षक कोतवाली की संयुक्त टीम ने बुधवार शाम को 156 व्यक्तियों को बाउण्ड ओवर किया। इस कार्रवाई के तहत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर सभी अपराधियों को नोटिस जारी किए गए। धारा 126 और 135(3) के तहत 141 व्यक्तियों को छह महीने की अवधि के लिए एक-एक लाख रुपये की राशि पर बाउण्ड ओवर किया गया। वहीं, धारा 129 के तहत 15 व्यक्तियों को एक वर्ष की अवधि के लिए प्रति व्यक्ति एक लाख रुपये पर बाउण्ड ओवर किया गया। इस प्रकार कुल एक करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये की राशि से प्रतिबंधात्मक कदम उठाए गए। कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि सभी अपराधियों को सख्त चेतावनी दी गई है। भविष्य में किसी भी प्रकार का अपराध करने पर उनके खिलाफ जिला बदर या एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम) जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह कार्रवाई शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों को सख्त संदेश देने के उद्देश्य से की गई है।


