धार पुलिस लाइन में शुक्रवार शाम 6 बजे जनरल परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस बल ने बलवा ड्रिल का अभ्यास किया। अधिकारियों और जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। एसपी मयंक अवस्थी ने परेड की सलामी ली और निरीक्षण किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों के तहत बलवा ड्रिल का भी आयोजन किया गया। इस ड्रिल का नेतृत्व सरदारपुर के एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार ने किया। एसडीओपी परिहार ने बताया कि बलवा ड्रिल के तहत आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को लाइन फॉर्मेशन, शील्ड प्रोटेक्शन और टीयर गैस के उपयोग का अभ्यास कराया गया। इसमें दंगा-रोधी वाहनों जैसे योद्धा, वज्र और रूद्र के संचालन का प्रशिक्षण भी शामिल था। थानों से आए पुलिसकर्मियों को टीयर गैस एम्यूनिशन का विशेष प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस जवान और अधिकारी शामिल हुए। परेड के बाद सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। इसमें वजन, ऊंचाई, ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी जांचें शामिल थीं। डॉक्टरों ने जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कर्मियों को आवश्यक स्वास्थ्य सलाह प्रदान की। पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान पूरे समय मौजूद रहे। जनरल परेड में डीएसपी आनंद तिवारी, सीएसपी सुजावल जग्गा, एसडीओपी मोनिका सिंह के साथ-साथ धार, धामनोद और सरदारपुर के थाना प्रभारी भी अपने-अपने बल के साथ उपस्थित रहे। यह परेड प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित की जाती है। शुक्रवार की परेड में एसपी मयंक अवस्थी ने सभी प्लाटूनों का निरीक्षण किया। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक पुरुषोत्तम बिश्नोई और उप कमांडर सूबेदार रोहित निकम थे। निरीक्षण के बाद प्लाटून कमांडरों ने स्क्वाड ड्रिल करवाई।


